कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डीजल चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड सहित 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का इनामी भी दबोचा गया

Must read

कोरबा। जिला पुलिस ने गेवरा और कुसमुंडा खदान क्षेत्रों में सक्रिय डीजल चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इसके मास्टरमाइंड नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नवीन कश्यप पिछले करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, डीजल चोरी के इस संगठित गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक इस मामले में कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2500 लीटर चोरी का डीजल जब्त किया था। ताजा कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 1 जून 2026 की रात थाना दीपका पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डीजल चोरी गिरोह का सरगना नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नवीन कश्यप, परमेश्वर सारथी और सब्बीर मेमन को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 437/2024 एवं 114/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीजल चोरी जैसे संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    More articles

    Latest article