कोरबा: नशे में स्टेयरिंग थामने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 26 चालक चढ़े कानून के हत्थे
कोरबा। सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 26 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए।
पुलिस ने जिले के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 5 चार पहिया और 21 दो पहिया वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजहों में से एक है। नशे की हालत में चालक की निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि शराब सेवन के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। यह न केवल आपकी बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। ऐसे में नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है और लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।