कनबेरी के श्री अग्रसेन गौ धाम में 4 सितंबर को भव्य जन्माष्टमी महोत्सव, मटकी फोड़ प्रतियोगिता रहेगी खास आकर्षण
कोरबा। कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौ धाम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गौ धाम को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा और दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे गौ गोपाल जी के भव्य श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना से होगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सुंदरकांड एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान गौ धाम भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
जन्माष्टमी महोत्सव में मटकी फोड़ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शाम 5 बजे आंखों पर पट्टी बांधकर डंडे से मटकी फोड़ने की प्रतियोगिता आयोजित होगी। मटकी में ₹500 नकद राशि और चॉकलेट रखी जाएगी। मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागी को ₹500 की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।
इसके बाद शाम 6:30 बजे दूध-दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रतियोगिता के विजेता को ₹2,100 का नगद पुरस्कार श्री अग्रसेन गौ धाम समिति की ओर से प्रदान किया जाएगा।
लड्डू गोपाल का झूला और फल-मीठे का भोग बनेगा आकर्षण
जन्माष्टमी के अवसर पर गौ धाम में लड्डू गोपाल जी के लिए आकर्षक झूला, मिट्टी के पात्र में माखन प्रसाद तथा फल एवं मिठाई का भोग लगाया जाएगा। भक्तों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था रहेगी।
शाम 7 बजे भव्य आरती एवं केक कटिंग का आयोजन होगा। इस अवसर पर गौ गोपाल जी का फलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
श्री अग्रसेन गौ धाम समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। समिति की ओर से उन भक्तों से विशेष आग्रह किया गया है, जो गौ गोपाल जी को फल एवं मिठाई का भोग अर्पित करना चाहते हैं, वे पूर्व में समिति को इसकी सूचना दें।
समिति ने कहा कि जन्माष्टमी का यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और गौ सेवा को समर्पित है। गौ धाम में आयोजित इस विशेष महोत्सव में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ गौ माता की सेवा और भक्ति के वातावरण का आनंद ले सकेंगे।