कच्छ के बन्नी घास मैदान में छोड़े गए 20 काले हिरण, वन्यजीव संरक्षण को मिली नई उम्मीद
कच्छ। गुजरात के कच्छ स्थित बन्नी घास मैदान में 20 काले हिरणों को उनके प्राकृतिक वातावरण में पुनर्स्थापित किया गया। गुजरात वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण संस्था के तकनीकी सहयोग से यह पहल की। छोड़े गए 20 काले हिरणों में 5 नर और 15 मादा शामिल हैं।
वन विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बन्नी क्षेत्र में देशी शाकाहारी वन्यजीवों की आबादी को मजबूत करना और घासभूमि के पारिस्थितिक संतुलन को बेहतर बनाना है। इससे क्षेत्र की जैव विविधता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
काले हिरणों को स्थानांतरित करने से पहले स्वास्थ्य जांच, क्वारंटीन और आवश्यक निगरानी की प्रक्रिया पूरी की गई। यह पहल गुजरात में देशी वन्यजीवों की पुनर्स्थापना के व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है।