अतिथियों की उपस्थिति में रामवन गमन सहित रामलीला के विविध प्रसंगों का हुआ मंचन

Must read


    कोरबा 17 अक्टूबर 2026 -उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में निगम द्वारा आयोजित रामलीला के आयोजन में आज रामवन गमन सहित विविध प्रसंगों का मंचन किया गया। इसके पूर्व अतिथियों ने भगवान श्रीरामलला के चरणों में पुष्प अर्पण व दीप प्रज्जवलन कर रामलीला के तृतीय दिवस के आयोजन का शुभारंभ कराया।
    नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 15 अक्टूबर से 06 दिवसीय रामलीला का आयोजन घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में किया जा रहा है। आयोजन के तीसरे दिवस आज मंथरा कैकेयी संवाद, रामवन गमन, केंवट प्रसंग, दशरथ देवलोक गमन व भरत मिलाप आदि प्रसंगों का सुंदर मंचन, महाकाल की नगरी उज्जैन व बनारस के कलाकारों द्वारा किया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम के अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कोरबा विभाग के संचालक संघ चालक सत्येन्द्र दुबे, सामाजिक समरता प्रमुख विश्वनाथ बोगी ने भगवान श्रीरामलला के श्रीचरण में पुष्पमाला अर्पण कर एवं दीप प्रज्जवलन कर आज की रामलीला का शुभारंभ कराया। इस दौरान खादी ग्राम उद्योग के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, प्राचार्य सूयकांत पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश रात्रे विशेष रूप से उपस्थित थे। महापौर श्रीमती संजूूूदेवी राजपूत ने समस्त अतिथियों का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस मौके पर निगम के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, चन्द्रमा सिंह राजपूत, मेयर इन काउंसिल के सदस्यगण, पार्षदगण, एल्डरमेनगण एवं काफी संख्या में श्रद्धालु नागरिकगण उपस्थित थे।
    18 अक्टूबर को पंचवटी प्रसंग सहित अन्य प्रसंगों का होगा मंचन- रामलीला के चौथे दिवस 18 अक्टूबर को पंचवटी प्रसंग, सीता हरण, राम हनुमान मिलन, राम सुग्रीव मैत्री, बाली वध, लंका दहन, 19 अक्टूबर को सेतु बंध, अंगद रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ रावण वध, राज्याभिषेक आदि के प्रसंग तथा 20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ मधुर संगीत का आयोजन सम्पन्न होगा।

    More articles

    Latest article