LIVEकांग्रेस का 85वां अधिवेशन:रायपुर पहुंचे राहुल और सोनिया गांधी; नहीं होगा CWC का चुनाव, खड़गे को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार

राहुल गांधी और सोनिया गांधी को रायपुर एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अशोक गहलोत।
रायपुर में कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन हो रहा है। देशभर से कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी रायपुर पहुंच गए हैं। स्टेयरिंग कमेटी की बैठक में तय हुआ है कि, CWC का चुनाव नहीं होगा और कांग्रेस अध्यक्ष को सदस्य नॉमिनेट करने का अधिकार सर्वसम्मति से दिया गया है। कांग्रेस पार्टी के संविधान में संशोधन पर विचार होगा।

सुबह से चल रही अनिश्चितता की खबरों के बाद दोपहर करीब 3 बजे सोनिया गांधी और राहुल गांधी विशेष विमान से रायपुर पहुंच गए। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर चरणदास महंत, AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य नेताओं ने किया। एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। छत्तीसगढ़ी अंदाज में स्वागत के लिए कई नृत्य दल यहां बुलाए गए थे।सोनिया और राहुल के यहां पहुंचते ही उनके समर्थन में नारे लगे। यहां से निजी रिसोर्ट के लिए रवाना हुए हैं। इसके बाद वे महाधिवेशन स्थल जाएंगे।

सोनिया कल और राहुल 26 को करेंगे संबोधित

अभी जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक कल 25 फरवरी को दोपहर 11.30 बजे सोनिया गांधी महाधिवेशन को संबोधित करेंगी। राहुल गांधी 26 तारीख को पहले सत्र में महाधिवेशन को संबोधित करेंगे।

 

एयरपोर्ट से बाहर निकलते सोनिया और राहुल गांधी। कल 11:30 बजे सोनिया गांधी संबोधित करेंगी।

कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन आज से रायपुर में हो रहा है। जिसमें खड़गे स्टीयरिंग कमेटी की अध्यक्षता कर रहे हैं।
स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में बोले खड़गे
इससे पहले स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अधिवेशन इस लिहाज से खास है कि आज से करीब 100 साल पहले 1924 में महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। तब यह महाधिवेशन मेरे गृह राज्य कनार्टक के बेलगांव में हुआ था। उन्होंने कम समय में कांग्रेस को गरीब कमजोर तबकों, गांव देहात और नौजवानों को एकसाथ जोड़कर एक आंदोलन बना दिया था। 100 साल बाद उसी संकल्प की जरूरत है। ये उनके प्रति हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस के हर महाधिवेशन में कुछ अहम फैसले हुए हैं। जिससे हमारा संगठन आगे बढ़ा। कुछ अधिवेशन मील के पत्थर बने। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में जो ऊर्जा भरी और महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों पर जिस तरह जागरूकता फैलाई है, उस जोश को हमें बनाए रखना है।

[Image: स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के बाद जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके CWC चुनाव पर जानकारी दी है।]

स्टीयरिंग कमेटी की बैठक के बाद जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके CWC चुनाव पर जानकारी दी है।
कांग्रेस संचार प्रमुख के अध्यक्ष जयराम रमेश ने कहा है कि आज स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई है। सभी सदस्यों ने अपनी राय रखी है। सर्व सम्मति से फैसला लिया गया है कि, कांग्रेस अध्यक्ष को यह अधिकार दिया जाए कि वह कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों को मनोनित करें। हमारे पार्टी के संविधान में बड़े महत्वपूर्ण संशोधन का प्रस्ताव है। इस पर भी विचार होगा