युवती के साथ 3 बच्चों के पिता ने दी जान:एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव, दोनों एक दिन पहले घर से निकले थे; प्रेम प्रसंग में खुदकुशी करने की आशंका

एसडीओपी सजंय ध्रुव ने बताया कि दोनों 19 जून की सुबह घर से काम पर जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद से कुछ पता नहीं था।

गरियाबंदमें एक युवक और युवती ने पेड़ से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों के शव रविवार दोपहर जंगल में एक ही पेड़ पर पास-पास लटके मिले हैं। युवक तीन बच्चों का पिता था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शवों को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस को आशंका है कि प्रेम प्रसंग में दोनों ने खुदकुशी की है। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को रविवार दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली कि जंगल में एक युवक और युवती का शव पेड़ से लटक रहा है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाया। आसपास के लोगों से पूछताछ में दोनों की शिनाख्त हो गई। युवक कामता (30) और युवती एनु ध्रुव (18) दोनों एक ही गांव ग्राम कोदोहरदी के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि कामता शादीशुदा था और उसके 3 बच्चे भी हैं।

दोनों काम पर जाने की बात कह कर घर से निकले थे
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं एसडीओपी सजंय ध्रुव ने बताया कि युवक और युवती दोनों मजदूरी करते थे। दोनों 19 जून की सुबह घर से काम पर जाने की बात कह कर निकले थे। इसके बाद से दोनों का कुछ पता नहीं था। अगले दिन गांव के कुछ लोग जंगल की ओर गए तो दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों ने अलग-अलग गमछे के सहारे एक ही पेड़ पर फंदा लगाया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।