पुरंदेश्वरी के बिगड़े बोल – भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी बोलीं- थूकेंगे तो बघेल और उनका मंत्रिमंडल बह जाएगा; CM का पलटवार- चांद पर थूकने से खुद के चेहरे पर ही गिरता है

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी पहले कांग्रेस से सांसद रह चुकी हैं। वह आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव की बेटी हैं।
बस्तर में चल रहे भाजपा के चिंतन शिविर के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस सरकार पर हमलावर रहीं। इस दौरान उन्होंने भरी सभा में विवादित बयान तक दे डाला। प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी कहा कि BJP अगर पीछे मुड़कर थूकेगी तो भूपेश बघेल और उनका पूरा मंत्रिमंडल बह जाएगा। कार्यकर्ताओं से कहा कि इस संकल्प के साथ काम करने से पार्टी 2023 के चुनाव में फिर सत्ता में आएगी। पुरंदेश्वरी के इस बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार किया कि चांद पर थूकने से खुद के चेहरे पर ही गिरता है। उन्होंने कहा कि पुरेंदश्वरी जब हमारे साथ थीं तो ठीक थी, लेकिन अब उनको क्या हो गया है, जो इस तरह की स्तरहीन बात कर रही हैं।

दरअसल, डी पुरंदेश्वरी 2023 के चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए पहुंची थी। यहां पूरे बस्तर संभाग से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। कांग्रेस की प्रदेश सरकार से लेकर राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष नेताओं को घेरा। कहा कि यदि कांग्रेस को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनना है तो सभी जानते हैं परिवार के ही सदस्य बनेंगे, लेकिन भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता है। भाजपा को यदि राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनना हो तो उनका एक कार्यकर्ता बनता है।

बस्तर में भाजपा के चिंतन शिविर के आखिरी दिन कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
बस्तर में भाजपा के चिंतन शिविर के आखिरी दिन कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
चाय बेचने वाले परिवार से हैं मोदी, पार्टी को मानते हैं मां
डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि BJP एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एक चाय बेचने वाले परिवार से हैं। जो अपनी पार्टी को मां मानते हैं। उन्होंने पार्टी की सेवा की और पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया है, उन्हें प्रधानमंत्री के पद पर बैठाया है। यदि ऐसे ही हरेक कार्यकर्ता पार्टी के लिए बिना स्वार्थ के लिए काम करेगा तो उन्हें पार्टी सम्मान जरूर देगी।

अब आने वाले चुनाव में हमें छत्तीसगढ़ में भी पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनानी है। उसके लिए बस्तर की भी सीटें हमें जितनी है। यह तब संभव होगा जब भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत झोंक देगा। कांग्रेस के झूठे वादों की पोल खोलना है।

शैलेष ने कहा- स्तरहीन बोल, छत्तीसगढ़ का अपमान किया है
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने भास्कर से कहा कि, डी पुरंदेश्वरी के यह बोल बेहद स्तरहीन है। साफ तौर पर नजर आ रहा है कि वो कांग्रेस से कितनी नफरत करते हैं। इनके दिलों में घृणा भरी हुई है। छत्तीसगढ़ की जनता ने इतने बड़े बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाई है। CM के लिए भूपेश बघेल को चुना है। इन्होंने अपने बयान से पूरे छत्तीसगढ़ अपमान किया है। कांग्रेस सरकार के लिए जिस तरह से डी पुरंदेश्वरी ने कहा है हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं।

कांग्रेस से सांसद रह चुकी हैं पुरंदेश्वरी
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने 7 मार्च 2014 को कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा जॉइन की थी। वह आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलगु देशम पार्टी के संस्थापक एनटी रामाराव की बेटी हैं। साल 2009 में उन्होंने विशाखापट्टनम से चुनाव लड़ा और लोकसभा सांसद चुकी गईं। इससे पहले वे बागपतला लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।