पत्थर से कुचलकर शख्स की हत्या:BSP कर्मचारी से 200 रुपए लेकर गया था शराब पीने, सुबह सड़क किनारे खून से लथपथ मिली लाश

दुर्ग में एक व्यक्ति की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई है। सुबह सड़क से कुछ दूर पर लोगों ने खून से लथपथ लाश देखी तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सुपेला थाना और स्मृति नगर चौकी पुलिस पहुंची। शख्स के सिर, मुंह और आंख को पत्थर से कुचला गया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बोगदा के पास की है। सुबह 6-7 बजे के करीब झरोखा रेस्टोरेंट के सामने सड़क से कुछ दूर पर झाड़ियों के पास 40-45 साल के व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। सूचना मिलने पर सीएसपी भिलाई नगर राकेश जोशी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी।अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस शव का पंचनामा कर रही है। इसके बाद शव को पीएम के लिए भेजा जाएगा।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर शराब की बोतल और कुछ पत्थर व ईंट पड़ी हुई हैं। उन पर खून भी लगा है। पुलिस के अनुसार बीती देर रात 11-12 बजे के करीब शराब सेवन के दौरान उसका किसी से झगड़ा हुआ होगा। उसने आवेश में आकर पत्थर व ईंट से प्रहार करके उसकी हत्या कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पत्थर से मृतक के जबड़े, मुंह और आंख के ऊपर सिर पर काफी गहरा प्रहार किया। इससे वह वहीं ढेर होकर गिर गया। अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई है।


BSP कर्मचारी से 200 रुपए लेकर गया था शराब पीने
पुलिस का कहना है कि मृतक बीएसपी ठेका कर्मी हो सकता है। ऐसा इसलिए। क्योंकि उसे कई बार सेक्टर एरिया में शराब के नशे में देखा गया था। इतना ही नहीं पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वह शुक्रवार शाम 5 बजे के करीब सेक्टर -6 निवासी बीएसपी कर्मी किसी राठौर नाम के युवक के घर पहुंचा था।

राठौर का कहना है कि वह उस युवक को पहचानता नहीं है, लेकिन वह 200 रुपए उधार मांग रहा था और काफी विनती कर रहा था। उसने उसे बताया भी कि वह शराब पीने के लिए उधार मांग रहा है और उसे लौटा देगा। इससे उसने उसे रुपए दे दिया है। पुलिस का कहना है कि वह सभी एंगल से जांच कर रही है।