कांग्रेस के लोगो पर चुन चुन कर करवाई कर रही है पुलिस और प्रशासन….बैठक में छलका कांग्रेसियों का दर्द

कोरबा । सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच अंदर ही अंदर सुलग रहे असंतोष की भावना पंचवटी विश्राम गृह में बैठक के दौरान फूट पड़ी। अदने से कार्यकर्ता से लेकर शीर्ष स्तर के पदाधिकारियों ने एक स्वर में एक ही बात कही कि इससे तो भाजपा शासन का कार्यकाल हमारे लिए बेहतर था। उस वक्त जब कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जाता था, तब हमारे बड़े नेता कहते थे कि हमारी सरकार आ जाए, तो सब ठीक हो जाएगा। चुन-चुनकर बदला लेंगे। हुआ उल्टे, ब्यूरोक्रेट्स भाजपा कार्यकर्ताओं को महत्व द रहे और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ चुन-चुनकर एफआइआर किए जा रहे।

शनिवार की शाम को पंचवटी विश्राम गृह में जिला कांग्रेस कमेटी शहर के कार्यकर्ताओं की बैठक रखी गई थी। नगर निगम के महापौर राजकिशोर प्रसाद, सभापति श्यामसुंदर सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष भावना जायसवाल, प्रदेश सचिव सुरेंद्र जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष उषा तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी अखलाक खान, जिला महामंत्री अवधेश सिंह, महामंत्री बीएन सिंह, पूर्व सभापति संतोष राठौर, कटघोरा परिषद अध्यक्ष रतन मित्तल, मदन राठौर, आशीष गुप्ता, पवन विश्वकर्मा, राकेश पंकज, राजेश यादव समेत अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में शामिल रहे कार्यकर्ताओं ने अपनी पीड़ा सुनाई। कांग्रेस नेता तनवीर अहमद का कहना था कि भाजपा के शासनकाल में जितनी परेशानी नहीं हुई, कांग्रेस की सरकार में कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस और प्रशासन उससे ज्यादा प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। आला अधिकारियों की तो दूर की बात है, किसी पुलिस चौकी के सिपाही और गांव के पटवारी भी उनकी बात अनसुनी करने से नहीं हिचकते। आमजनों की फरियाद लेकर सरकारी दफ्तरों के दरवाजे पर कदम रखने में उल्टे कांग्रेसियों को हिचकिचाहट होने लगी है। छोटा हो या बड़ा, जनता का कोई काम नहीं हो पा रहा और अब तो जनता भी कहने से नहीं चूक रही कि आपकी सरकार में आपकी ही बात कोई सरकारी कर्मी नहीं सुन रहा। उधर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष व पाली-तानाखार के विधायक मोहितराम केरकेट्टा ने कहा कि यह बैठक केवल शहर कांग्रेस कमेटी की है। ग्रामीण से कोई लेना-देना नहीं है। बैठक में सर्वसम्मति से पुलिस व प्रशासन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।

जिला कांग्रेस कमेटी खतरे में है -अवधेश

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अवधेश सिंह ने कहा कि अपनी सरकार रहते हुए भी कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रताड़ित हो रहे हैं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी जब चाहे किसी पर भी कोई भी धारा लगा दे रहे हैं। विकास सिंह की ही बात करें, तो यह तीसरी बार है, जो कार्रवाई हुई। युवा अध्यक्ष हैं, अपने संगठन के महामंत्री हैं। और भी कई कांग्रेसी हैं, जिन्होंने यहां अपनी पीड़ा रखी है। मैं जिला कांग्रेस कमेटी से आग्रह करता हूं कि बकायदा एक नोटशीट बढ़ाइए और तत्काल रायपुर प्रस्थान कीजिए। सांसद से कहिए, प्रदेश अध्यक्ष से बात कीजिए, मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखिए और बताइए कि जिला कांग्रेस कमेटी खतरे में है।

चंद लोगों को सत्ता में लाने लाखों करते हैं संघर्ष

कांग्रेस नेता तनवीर अहमद ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने 15 साल संघर्ष किया, लाठी खाई, जेल गए। मुझे रायपुर की वह बैठक आज भी याद है, जिसमें कहा गया था कि कांग्रेस कार्यकर्ता धैर्य रखें। जब हमारी सरकार आएगी कि तो उन लोगों से बदला लिया जाएगा, जो प्रताड़ित कर रहे। सिर्फ सरकार बदली है। उस दौर में जो प्रताड़ित करते थे, वो आज भी प्रताड़ित कर रहे। कांग्रेस के शासनकाल में कांग्रेस का कार्यकर्ता को कुछ गलत लगे तो एक सिपाही को भी न ऊंचे आवाज में बोल सकता। कुछ लोग सत्ता में बैठते हैं पर उसके लिए लाखों लोग संघर्ष करते हैं, ताकि जब सरकार आएगी तो उनका संरक्षण करेगी। पर मुझे यह कहने में संकोच नहीं कि आज की स्थिति ऐसी है, कि इससे तो भाजपा की सरकार थी, तभी अच्छा था।

 

शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से जिले की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की कांग्रेस विरोधी गतिविधियों की वजह से निंदा प्रस्ताव पारित किया है। साथ ही बैठक में तय किए गए बिंदुओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे प्रदेशाध्यक्ष को सौंपा जाएगा।

– सपना चौहान, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी शहर