कोरबा – वृद्धा की रात को हत्याकर ले भागे जेवर ….. पालतू बिल्ली को भी मार दिए

कोरबा। अकेली रहने वाली एक बेसहारा वृद्धा की हत्या कर उसके पहने जेवर लूट लिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गले में मिले गहरे निशान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि गला घोंटकर वृद्धा की हत्या की गई है। आरोपित ने घर में मौजूद पालतू बिल्ली को भी मौत के घाट उतार दिया।
पाली से लगभग 12 किलोमीटर दूर खैराबहार गांव में रहने वाली बंधन कुंवर 60 वर्ष की लाश शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे घर पर मिली। बताया जा रहा है कि मृतका के प्रति गुहाराम सोनी का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है। बंधनकुंवर का कोई संतान नहीं है और वह घर में अकेले रहती थी। घर में कुछ पालतू मवेशी भी थे, जिसे चराने ले जाने गांव में रहने वाला जवाहर घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया पर अंदर से कुछ आवाज नहीं आई, तब उसने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, धक्का देने से खुल गया। अंदर बंधनकंुवर मृत अवस्था में पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई और मौके पर थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। मृतका के गले में मिले निशान से प्रथम दृष्टया ही पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। आसपास के लोगों बताया कि गुरूवार की रात को बंधनकुंवर अन्य दिनों की तरह भोजन करने के बाद सो गई थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि यह घटना देर रात की है। यह भी माना जा रहा कि आरोपित को यह पता था कि वृद्धा घर पर अकेले रहती है। उसके पहने हुए जेवर पर भी उसकी निगाह रही थी। मौका देखकर घर में घुस कर उसने गला घोटकर पहने हुए जेवर को निकाल लिए और चंपत हो गया। आरोपित के निकट पहुंचने पर बिल्ली को भी डंडे से पीटकर मार डालने आशंका है। बहरहाल पुलिस डाग स्क्वायड टीम व फारेंसिक एक्सपर्ट की मदद से इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के हत्या का मामला पंजीबद्ध किया जाएगा। पुलिस कुछ संदिग्धों की सूची भी तैयार की है, उनसे भी पूछताछ की जा रही।
——–